गिरिडीह : दुधवाटोल पहाड़ी के पास दो बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रुप से घायल है। मरने वाले की पहचान प्रदीप साव (27) पिता चन्द्रशेखर साव, ग्राम नवडीहा तथा उसके दोस्त दोस्त शंकर राम (26) पिता हरि राम ग्राम नावाडीह के रूप में की गई है। वहीं हादसे में राजदेव तुरी (30) पिता डोमन तुरी ग्राम- लताकी बघरिया टोला, थाना जमुआ, जिला गिरिडीह गंभीर रुप से घायल है। जिसका इलाज रांची में चल रहा है। जानकारी के अनुसार प्रदीप साव की शादी बीते 27 अप्रैल को हुआ था।

मंगलवार को प्रदीप साव अपनी पत्नी मीना कुमारी एवं दोस्त शंकर राम के साथ अपने ससुराल बिरनी थाना क्षेत्र के डढाबीर गांव गए थे। वह विवाह के बाद की कुछ रस्में पूरी कर वापस घर लौट रहे थे। वहीं राजदेव तुरी तिलक समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइक के बीच टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भयानक रही कि दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

दुर्घटना की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायलों को जमुआ अस्पताल भिजवाया। जमुआ सरकारी अस्पताल के चिकित्सक ने प्रदीप साव को मृत घोषित कर दिया, जबकि शंकर राम को बेहतर इलाज के लिये गिरिडीह रेफर किया। शंकर राम ने गिरिडीह अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रुप से घायल राजदेव तुरी का इलाज चल रहा है। उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Share.
Exit mobile version