Joharlive Team

गढ़वा। जिले के बरडीहा थाना अंतर्गत सलगा गांव में सोमवार की सुबह करीब 9 बजे करंट की चपेट में आने से मां और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सलगा निवासी विजय यादव (35) सोमवार की सुबह अपने घर में बिजली के बोर्ड में आई खराबी को ठीक कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने के लिए पास में ही खड़ी उसकी मां लखवा देवी जैसे ही विजय को पकड़ी, वह भी करंट की चपेट में आ गई।

घर में मौजूद लोगों ने घर के मेन स्विच को काटा और दोनों मां-बेटे को आनन-फानन में रेफरल अस्पताल मझिआंव लेकर आए। यहां डॉक्टर ने दोनों को जांचोपरांत मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी मिलने के बाद बरडीहा पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गढ़वा भेज दिया है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share.
Exit mobile version