Joharlive Team
साहिबगंज : साहिबगंज में गंगा नदी का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बाढ़ ने तबाही मचा रखी है। गंगा नदी खतरे के निशान से 1 मीटर 2 सेंटीमीटर ऊपर बह रही थी। जलस्तर बढ़ते जा रहा है। गंगा नदी का जलस्तर 28.270 मीटर पर है और बढ़ने के संकेत हैं। सोमवार को सुबह जलस्तर बढ़कर 28.310 मीटर पर रहने की आशंका है। यह खतरे के निशान से एक मीटर 4 सेंटीमीटर अधिक है।

केंद्रीय जल आयोग से मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह छह बजे बक्सर में जलस्तर बढ़ रहा है। पटना में जलस्तर स्थिर है। हाथीदह व मुंगेर में बढ़ रहा है। साहिबगंज व कहलगांव में जलस्तर स्थिर है। गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद से आवागमन के लिए लोग नाव का सहारा ले रहे हैं। गंगा किनारे बसे गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। दियारा क्षेत्र जलमग्न हो गया है। वहीं साहिबगंज शहर के निचले रिहायसी इलाके के मुहल्ले में पानी भरा हुआ है।

दियारा के कई गांव जलमग्न : साहिबगंज, राजमहल व उधवा दियारा के दर्जनों गांव डूब गए हैं। साहिबगंज शहर के हरिपुर, कमलटोला, मठिया, शोभनपुर भट्ठा सहित अन्य मुहल्ले में गंगा नदी के बाढ़ का पानी घुस गया है। साहिबगंज के हर प्रसाद, मखमलपुर, कारगिल दियारा व लालबथानी दियारा, रामपुर दियारा के टोले व राजमहल के गदाई दियारा के कई टोले डूब गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से साहिबगंज, राजमहल, उधवा, बरहड़वा, तालझारी के अंचल अधिकारियों को बाढ़ राहत शिविर लगाने एवं शिविर में प्रत्येक बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से सभी अंचलों में नाव का अधिग्रहण किया गया है।