लातेहार। बरवाडीह थाना क्षेत्र की दो नाबालिग लड़कियों का अपहरण कर दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गढ़वा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों लड़कियों को भी अपराधियों के चंगुल से मुक्त करा लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अजय केसरी, रितिक कुमार ,आशीष कुमार और कुणाल कुमार शामिल है। सभी गढ़वा के रहने वाले हैं।

शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में एसडीपीओ दीलू लोहरा ने बताया कि गत 29 जून को बरवाडीह थाना क्षेत्र की रहने वाली दो नाबालिक लड़कियां घर से गायब हो गई थी। इस संबंध में लड़कियों के परिजनों ने बरवाडीह थाना में एक मामला दर्ज कराया था। इस मामले को पुलिस ने पूरी गंभीरता से लिया और एसपी के निर्देश पर टीम बनाकर छानबीन आरंभ की।

छानबीन के क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि लड़कियों को गढ़वा के कुछ अपराधियों ने अगवा किया है। प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चिन्हित स्थान पर छापामारी की। छापामारी के दौरान पुलिस ने एक घर से दोनों लड़कियों को बरामद किया। वहीं चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपितों ने दोनों नाबालिग लड़कियों का अपहरण कर कई बार दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया । उन्होंने बताया कि इस घटना में कई अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिन्हें चिन्हित करते हुए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Share.
Exit mobile version