Garhwa : पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा गुरुवार को गढ़वा पहुंचे। यहां उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा पर चिंता जताते हुए ममता सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं नहीं होनी चाहिए। ममता बनर्जी सरकार को बंगाल के हित में काम करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की सरकार निष्क्रिय हो चुकी है और वहां कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि बीजेपी शुरू से ही बांग्लादेशी घुसपैठ के खिलाफ रही है क्योंकि इसका असर झारखंड पर भी पड़ रहा है। इससे राज्य की जनसंख्या संरचना (डेमोग्राफिक) बदल रही है और इस पर कोर्ट में मामला भी चल रहा है।
झारखंड सरकार पर भी साधा निशाना
हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है कि किस तरह कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ रही हैं, जिससे अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि किसी को किस धर्म में विश्वास है, यह उसकी स्वतंत्रता है, लेकिन अगर कोई व्यक्ति संविधान की शपथ लेकर संवैधानिक पद पर है तो उसे ऐसा बयान नहीं देना चाहिए जो संविधान के खिलाफ हो। देश संविधान से चलता है और इसमें कानून का पालन जरूरी है।
गढ़वा में योजनाओं की समीक्षा
गढ़वा सर्किट हाउस में स्थानीय नेताओं और जिला प्रशासन से मुलाकात के दौरान अर्जुन मुंडा ने जिले की कई योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कनहर पाइपलाइन योजना और मंडल डैम जैसी पुरानी योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली गई है और उन्हें जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
बीजेपी नेताओं ने किया जोरदार स्वागत
गढ़वा पहुंचने पर रंका मोड़ पर बीजेपी विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी, जिला अध्यक्ष ठाकुर महतो सहित अन्य नेताओं ने उनका माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। अर्जुन मुंडा एक निजी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बुधवार देर रात गढ़वा पहुंचे थे।
Also Read : बेटे ने मां पर किया जानलेवा हमला, फिर क्या हुआ…