Joharlive Team
रांची । आइएनएक्स मीडिया मामले में कुछ दिन पहले ही तिहाड़ जेल से निकले चिदंबरम ने कहा कि दिल्ली और झारखंड में नाकाबिल सरकार सत्तास पर काबिज है। इस चुनाव में झारखंड में भाजपा की सरकार को हटाना है। हैदराबाद में दुष्कर्मियों के एनकाउंटर पर चिदंबरम ने कहा कि यह मुठभेड़ सही है या फर्जी, यह जांच का विषय है। उन्होंाने देश की अर्थव्यवस्था को संकट में बताया।
शुक्रवार को रांची पहुंचे चिदंबरम ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस झारखंड में सरकार बनाने में कामयाब होगी। बता दें कि झारखंड विधानसभा चुनाव में प्रचार तंत्र को पूरी तरह सक्रिय कर कांग्रेस भी रेस हो गई है। इस कड़ी में कांग्रेस के सीनियर नेता पी. चिदंबरम शुक्रवार को रांची पहुंचे हैं। वे यहां विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां परख रहे हैं।
अर्थव्यवस्था, गरीबी और बेरोजगारी पर उठाए सवाल
देश की अर्थव्यवस्था बेहद खराब स्थिति में है। झारखंड पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ता है। क्योंकि झारखंड खनिज आधारित राज्य है। खनिज की जरुरत हर सेक्टर में है।
देश में गरीबी का दर घटी है लेकिन राज्य में इसकी दर बढ़ी है। बेरोजगारी के मामले में झारखंड देश में चौथे नंबर पर है।
झारखंड में भाजपा गठबंधन करने में फेल हो गया लेकिन हम (यूपीए) पास हो गए। देश और राज्य अभी अयोग्य हाथों में है। राज्य को योग्य हाथों में पहुंचाना है।
चिदंबरम ने केंद्र की मोदी और राज्य की रघुवर सरकार की डबल इंजन की सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार में बेरोजगारी बढ़ी है।
झारखंड खनिज संपदा से भरपूर है। भाजपा की सरकार ने खनिज संपदा को लूटने का काम किया है। साथ ही रघुवर सरकार ने यहां के आदिवासियों को छला है।
चिदंबरम ने देश की बिगड़ती अर्थव्यवस्था पर भी सवाल उठाए और मौजूद अर्थव्यवस्था को बेहद निराशानजक बताया। चिदंबरम ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था इससे पहले कभी भी इतनी खराब नहीं थी।
पी चिदंबरम ने कहा-भाजपा के नेता मेरी जमानत का आदेश ठीक से पढ़ लें
मनी लौंड्रिंग के मामले में हाल ही में जमानत पर छूटे पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने कहा है कि भाजपा के जो नेता मेरी जमानत की शर्तों के उल्लंघन का सवाल उठा रहे हैं, वे मेरे जमानत के आदेश को ठीक से पढ़ें। रांची में शुक्रवार को पी चिदंबरम ने कहा कि भाजपा के नेता बेवजह इस मामले को तूल दे रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने कहा कि हाल ही में महाराष्ट्र और हरियाणा में खत्म हुए विधानसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को नकार दिया है। जनता झारखंड विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को नकार देगी। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी के मामले में झारखंड देश में चौथे नंबर पर है। अगर कांग्रेस गठबंधन की सरकार सत्ता में आती है तो हर घर में एक रोजगार दिया जाएगा। प्रेसवार्ता के दौरान झारखंड कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय समेत अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
चुनाव और कांग्रेस प्रत्याशियों की ली जानकारी
इससे पहले चिदंबरम ने कांग्रेस नेताओं से झारखंड विधानसभा चुनाव से संबंधित मुद्दों पर बातचीत की। साथ ही उन्होंने झारखंड विधानसभा चुनाव के कांग्रेस और गठबंधन के प्रत्याशियों के बारे में भी जानकारी ली।