रांची : झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखने लगा है. इस कारणवश राज्य में अगले तीन दिनों तक सुबह में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहेगा. दिन में आसमान साफ रहेगा मगर मौसम शुष्क रहेगा. मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना कम है लेकिन, सुबह में कनकनी के साथ ठंड रह सकती है. 30 एवं 31 दिसंबर को सुबह में कोहरा व आसमान में आंशिक बादल छाये रहेंगे.

एक जनवरी को राज्य के उत्तर-पश्चिमी भागों खास कर पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, गिरिडीह, देवघर आदि इलाकों में हल्की वर्षा हो सकती है. रांची में मौसम खुशनुमा रहने व आकाश में हल्के बादल छाये रहने की संभावना है. 2 और 3 जनवरी को राज्य के अन्य हिस्सों में गर्जन के साथ बारिश हो सकती है. अगले दिन घना कोहरा छाये रहने व पारा गिरने की संभावना है. इधर रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक है. वहीं कांके का अधिकतम तापमान गुरुवार को 25.4 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया.

 

 

Share.
Exit mobile version