Latehar : लातेहार पुलिस ने उग्रवादी संगठन TSPC को तगड़ा झटका दिया है। जिले की बालूमाथ पुलिस ने आरा गांव के रेड कर पांच नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सलियों के नाम उपेंद्र उरांव, निरंजन उरांव, बबलू यादव, अशोक साहू और बालेश्वर उरांव बताये गये। बालेश्वर उरांव चतरा का रहने वाला है, वहीं बाकी के चार लातेहार के बालूमाथ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इस बात की जानकारी DSP वरुण रजक ने आज यानी मंगलवार को मीडिया के साथ साझा की।
DSP वरुण रजक ने मीडिया को बताया कि लातेहार पुलिस कप्तान कुमार गौरव को इंफॉर्मेशन मिली थी कि बालूमाथ थाना क्षेत्र के आरा जंगल के पास कुछ लोग संदिग्ध लोग इकट्ठा हुए हैं। उनके लूर-लक्षण ठीक नहीं लग रहे। लगता है कोई बड़ा कांड करने की फिराक में हैं। सूचना के बाद पुलिस की टीम गठित की गई और जंगल में छापेमारी की गई। पुलिस ने यहां चारों ओर से घेराबंदी कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक पिस्तौल, सात गोलियां समेत कई अन्य सामग्री बरामद हुए। गिरफ्तार लोगों की जब छानबीन की गई तो पता चला कि सभी लोग नक्सली संगठन TSPC के नक्सली हैं।
DSP ने बताया कि इन नक्सलियों की ओर से पिछले कई दिनों से एक संवेदक को धमकी देकर रंगदारी की मांग की जा रही थी। इस स्थल पर हिंसक घटना को अंजाम देने के लिए नक्सली यहां जमा हुए थे। लेकिन पुलिस की तत्परता के चलते नक्सली अपना नापाक मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाये। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों के ऊपर पूर्व में भी कई हिंसक मामले दर्ज हैं। सभी नक्सलियों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
Also Read : देवघर में पुलिस पर हमला करने का आरोपी हृदय राउत गिरफ्तार, भेजा गया जेल