New Delhi : यमुना नदी को जल परिवहन पर्यटन के लिए विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, इनलैंड वाटरवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (आईडब्ल्यूएआई) , दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली जल बोर्ड, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के और पर्यटन विभाग के साथ एक समझौते (MoU) पर हस्ताक्षर करने जा रहा है. मिली जानकारी के अनुसार इस समझौते के तहत यमुना नदी के जलमार्ग पर सोनिया विहार से जगतपुर (शनि मंदिर) तक पर्यटक नौका परिवहन और फेरी सेवा शुरू की जाएगी.
यमुना नदी को लेकर यह ऐतिहासिक समझौता नई दिल्ली के पूर्व असिता पार्क में आज शाम एक समारोह में होने जा रहा है, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय पोत, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल करेंगे. इस अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना मुख्य अतिथि, जबकि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी. कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के जल संसाधन मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहेंगे.
इस परियोजना के तहत दिल्ली के सोनिया विहार से जगतपुर के बीच पर्यटकों व यात्रियों के लिए आधुनिक नौका सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इसका उद्देश्य न सिर्फ यमुना नदी को परिवहन मार्ग के रूप में विकसित करना है, बल्कि इसे एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित करना है. ये योजना सागरमाला परियोजना के तहत विकसित की जाएगी, जिससे दिल्ली में जल परिवहन को एक नई गति मिलेगी.
आईडब्ल्यूएआई के मुताबिक इस परियोजना से दिल्ली में यातायात का एक नया विकल्प मिलेगा. साथ ही यमुना नदी के संरक्षण तथा स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा. इस पहल से जलमार्ग आधारित परिवहन का भी विस्तार होगा, इससे सड़क यातायात के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी. सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा तो जाम से निजात और जनता को राहत मिलेगी.
यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नदी जोड़ो और जल परिवहन बढ़ाओ’ मिशन का हिस्सा है, जिससे नदियों का अधिकतम उपयोग किया जा सके. इसके साथ ही दिल्ली के नागरिकों और पर्यटकों के यह जलमार्ग यात्रा एक नया अनुभव प्रदान करेगी.
Also Read :रिम्स के डॉक्टरों को जल्द मिलेगी पदोन्नति : मंत्री इरफान अंसारी