चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के घोर नक्सल प्रभावित टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत रेंगाड़हातु से सटे जंगल में आइईडी फटने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। वहीं, विस्फोट में एक बच्चा भी घायल हो गया।

मृतक की पहचान मटका कोड़ा के रूप में की गई है। वहीं, घायल बच्चे का इलाज रेंगड़ा कैंप में किया जा रहा है। विस्फोट में मटका कोड़ा के दोनों पैर भी उड़ गये थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है और पूरी घटना का पता लगा रही है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर में मुंडासाई टोला निवासी मटका कोड़ा अपने बेटे के साथ जंगल में लकड़ी चुनने गया था। शाम करीब 4 बजे लकड़ी चुनने के दौरान अचानक आइईडी ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट इतना तेज हुआ कि मटका कोड़ा के दोनों पैर उड़ गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

वहीं, उसका बेटा भी विस्फोट में आंशिक रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद बच्चा किसी तरह भागकर वापस गांव लौट आया। रेंगड़ा में सीआरपीएफ 174 बटालियन का कैंप स्थापित हैं। कैंप में ही बच्चे का प्राथमिक इलाज किया गया। क्षेत्र घोर नक्सल प्रभावित होने और शाम हो जाने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस घटनास्थल पर नहीं गई। ग्रामीण का शव जंगल में ही पड़ा रहा।

पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि आइईडी ब्लास्ट शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच होने की सूचना मिली है। इसकी चपेट में बाप-बेटा आए हैं। बच्चा किसी तरह वहां से निकल गया है। फिलहाल, पुरुष की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। इसका पता लगाया जा रहा है।

बता दें कि कोल्हान रिजर्व क्षेत्र में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए जगह-जगह आइईडी, प्रेशर बम और बूवी ट्रैप बिछा रखे हैं। इनकी चपेट में आकर अब तक आधा दर्जन मासूम ग्रामीणों की मौत हो चुकी है। कई पशु भी मारे गए हैं। इनके अलावा लगभग 24 सुरक्षा बल के जवान भी जख्मी हो चुके हैं। क्षेत्र में पुलिस का सर्च ऑपरेशन लंबे समय से जारी है।

 

Share.
Exit mobile version