पलामू : एक महिला को बेटा पैदा न होने की सजा दी गई है। मामला पाटन थाना क्षेत्र के जंघासी गांव का है। बताया जा रहा है कि 25 वर्षी आरती की दो बेटियां हैं। महिला पर ससुराल वाले बेटा पैदा करने का दबाव बना रहे थे। महिला ने कहा कि यह उसके हाथ में नहीं है। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इसके बाद पति, सास और ससुर ने एक साथ मिलकर महिला पर हमला बोल दिया। इसमें महिला की आंख और पेट में गंभीर चोट आई है। महिला का इलाज MMCH में चल रहा है।

महिला ने पुलिस के समक्ष अपनी पूरी आपबीती बताई है। पुलिस महिला के बयान के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है। महिला के भाई विकास ने बताया कि वर्ष 2013 में बहन की शादी जंघासी के रहने वाले राम प्रवेश राम के बेटे दिलीप कुमार से हुई। लड़की पक्ष के लोग चैनपुर के रहने वाले हैं। शादी के बाद से पहले बहन को ससुराल वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू किया। सोने के आभूषणों की मांग की जाती रही। मायके वालों ने ससुराल की मांग पूरी करने में असमर्थता जताई।

इसी बीच एक-एक कर बहन को दो बेटियां पैदा हो गईं। इसके बाद ससुराल वालों की प्रताड़ना और अधिक बढ़ गई। अक्सर बेटा पैदा नहीं करने का आरोप लगाकर बहन की पिटाई की जाती थी। प्रताड़ना से परेशान होकर लड़की अपने मायके आ गई। शनिवार को महिला का पति ससुराल पहुंचा। पत्नी को अपने साथ विदा कराकर घर लाया। इसके बाद रात के समय उसकी पिटाई की गई। अगले दिन रविवार को महिला का भाई विकास अपनी बहन को देखने उसके घर पहुंच गया। शाम को वह अपने बहन की दोनों बेटियों को लेकर घूमने निकला था।

इस दौरान घर में फिर विवाद हो गया। ससुराल वालों ने एक साथ मिलकर महिला की पिटाई की। इसमें वह बुरी तरह घायल हो गई। वापस लौटने पर भाई ने बहन को घायल अवस्था में पाया। इसके बाद वह उसे लेकर अस्पताल पहुंचा। इलाज के लिए भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बताया कि महिला की आंख और पेट में गंभीर चोट आई है। परिवार वालों की सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share.
Exit mobile version