रांची: होली और शब-ए-बरात जैसे त्योहारों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर शनिवार को रांची उपायुक्त छवि रंजन की अध्यक्षता में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। रांची समाहरणालय ब्लॉक ‘बी में आयोजित बैठक में सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली और शब-ए- बारात मनाने की बात कही गई। उपायुक्त छवि रंजन ने कहा कि पर्व-त्योहार में रांची वासियों का भरपूर सहयोग मिला है। कई अवसरों पर सामूहिक तौर से सभी समुदाय के लोगों ने मिलजुल कर साथ दिया है। इस बार भी उम्मीद है कि कि होली और शब-ए-बरात सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। हमेशा की तरह एक बार फिर से रांची मिसाल कायम करेगी।

SMS का पालन करें: उपायुक्त
बैठक में संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि त्योहारों में कोरोना गाइडलाइंस का अनुपालन भी आवश्यक है। उन्होंने होलिका दहन, शब-ए- बरात और होली में लोगों से संक्रमण से बचने के लिए SMS यानी सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क और सैनिटाइजर का प्रयोग करने की अपील की।

वरीय पुलिस अधीक्षक रांची सुरेंद्र झा ने कहा कि त्योहार मनाने के साथ-साथ हमें कोरोना से भी बचना है। SSP ने कहा कि अफवाहों से दूर रहें। सोशल मीडिया पर कुछ भी पोस्ट करने से पहले सावधान रहें। साइबर सेल पूरी तरह से एक्टिव है। उन्होंने कहा कि कहा कि शांति व्यवस्था बहाल करना हमारा ऑब्जेक्टिव है। इसमें सबका सहयोग अपेक्षित है।

बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने कहा कि पिछली बार की तरह इस बार भी दोनों त्योहार साथ हैं। आगामी 18 मार्च को दोनों त्योहार हैं। लिहाजा तय किया गया कि इस बार भी सांप्रदायिक सौहार्द के साथ त्योहार मनाया जाएगा। समिति के सदस्यों ने त्योहार के मद्देनजर बेहतर व्यवस्था हेतु अपनी-अपनी बातें रखीं। जिस पर उपायुक्त एवं SSP द्वारा आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई।

बैठक में उपविकास आयुक्त विशाल सागर, अनुमंडल पदाधिकारी सदर दीपक दुबे, अनुमंडल पदाधिकारी बुण्डू, ग्रामीण SP नौशाद आलम, सिटी SP सौरभ, अपर जिला दंडाधिकारी, रांची रामवृक्ष महतो, संबंधित पुलिस पदाधिकारी एवं विभिन्न शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे। बैठक में समिति के दिवंगत सदस्यों के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। आलाधिकारियों एवं समिति के सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Share.
Exit mobile version