हजारीबाग : किरिगड़ा गांव में गुरुवार की देर रात अपराधियों ने एक युवक पर जानलेवा हमला किया। युवक पर पहले फायरिंग की गई। इसके बाद चाकू से वार किया। हमले में सुनीत महतो नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर युवक के परिजन मौके पर पहुंच गए।इस दौरान युवक पर हमला कर भाग रहे दो अपराधियों को पकड़ लिया गया। ग्रामीणों व परिजनों ने इन्हें जमकर पीटा। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद घटना की सूचना केरेडारी पुलिस को दी गई। शुक्रवार की सुबह मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने इन्हें हिरासत में लिया। इसके बाद इन्हें इलाज के लिए भेजा गया।

हमलावरों के पास से हथियार बरामद किए गए हैं। अपराधियों के हमले में घायल युवक को परिजन पहले इलाज के लिए बचरा हॉस्पिटल लेकर गए। जहां से चिकित्सकों ने जांच के बाद RIMS रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार सुनील के सिर में गोली गंभीर चोट आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमला करने वाले दोनो अपराधियों की पहचान बड़कागांव थाना क्षेत्र के सीकरी-पारपैन निवासी बिनोद भुइयां और लोकन महतो के रूप में की जा रही है। अब तक यह साफ नहीं हो सका है कि युवक पर हमला क्यों किया गया।