गढ़वा : सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। दुर्घटना खरौन्धी-भवनाथपुर मार्ग पर रविवार की शाम झगड़ा खांड हाई स्कूल के पास हुई। मृतक की पहचान भवनाथपुर थाना क्षेत्र के वंशानी गांव के कछरवा टोला निवासी अजय प्रसाद यादव 55 वर्ष के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि अजय प्रसाद यादव सप्ताहिक बाजार करने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि बाजार से घर वापस लौटने के लिए अजय प्रसाद यादव कमांडर जीप में बैठ गए। चालक की ओर से तेज रफ्तार से वाहन चलाने के कारण जीप अनियंत्रित होकर पलट गई।

इसमें अजय प्रसाद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों द्वारा घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए भवनाथपुर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल आने के दौरान रास्ते में अजय प्रसाद यादव की मौत हो गई घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।