Jamshedpur : मानगो फ्लाईओवर को लेकर शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर आई है। फ्लाईओवर के पुराने डिजाइन में बदलाव किया गया है। अब पायल सिनेमा की ओर जाने वाला हिस्सा दोतरफा (टू लेन) बनाया जाएगा। पहले यह हिस्सा केवल साकची से पायल सिनेमा की ओर एकतरफा था।
यह निर्णय स्थानीय लोगों की मांग और ट्रैफिक जाम की समस्या को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इस पर विधायक सरयू राय, फ्लाईओवर निर्माण कंपनी के डिजाइनर संजय भार्गव और पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय के बीच बैठक में सहमति बनी। तीनों ने शनिवार सुबह क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा भी लिया।
फ्लाईओवर को व्यावहारिक बनाने के लिए वन विभाग की जमीन लेकर सड़क चौड़ी करने का प्रस्ताव रखा गया है। साथ ही पायल सिनेमा के पास एक राउंडअबाउट (गोलचक्कर) भी बनेगा, जिससे यू-टर्न लेना आसान होगा। फ्लाईओवर के दोनों ओर सर्विस रोड बनेगा और पुल के नीचे पार्किंग की सुविधा भी होगी।
विधायक सरयू राय ने बताया कि यह निर्णय स्थानीय व्यवसायियों और नागरिकों के सुझावों के आधार पर लिया गया है। जनता की मांगों के कारण रुका हुआ पायलिंग कार्य अब दोबारा शुरू कर दिया गया है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि हाथी घोड़ा मंदिर (साकची) से भुईंयाडीह श्मशान घाट तक एक नया फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इससे रांची, डोबो और सरायकेला की ओर से आने वाले भारी वाहन टाटा स्टील फैक्ट्री तक सीधे जा सकेंगे, जिससे टिमकेन गोलचक्कर और मानगो पुल पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
मुख्य डिजाइनर संजय भार्गव ने इस प्रस्ताव पर सहमति दी है और इंजीनियरों को नया डिजाइन तैयार करने का निर्देश दिया है। विधायक सरयू राय ने कहा कि इन सभी बदलावों से मानगो क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और लंबे समय तक लोगों को लाभ मिलेगा।
Also Read : महिला की संदिग्ध मौ’त, ससुराल वालों पर ह’त्या का आरोप
Also Read : हथियारबंद अपराधी को पकड़ने गई पुलिस पर हुई फा’यरिंग
Also Read : Aaj Ka Rashifal, 26 April 2025 : जानें किस राशि का क्या है आज राशिफल
Also Read : आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देने की तैयारी करे केन्द्र सरकार : डॉ. इरफान अंसारी