Ranchi : झारखंड के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव का दौर जारी है. पिछले 24 घंटे में राज्य के न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जबकि अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं आया है. आगामी तीन दिनों के लिए मौसम में बदलाव का अनुमान है, जिसमें न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है, वहीं अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को झारखंड के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं.
राज्य के प्रमुख जिलों का तापमान
रांची में आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, वहीं धनबाद में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस, देवघर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज में अधिकतम और न्यूनतम तापमान 27 और 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा.
स्वास्थ्य के प्रति सतर्कता बरतने की अपील
मौसम में बदलाव के कारण लोग सर्दी-गर्मी के असर से परेशान हो रहे हैं, जिससे सर्दी, खांसी, गले में खराश और एलर्जी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं. मौसम विभाग ने लोगों से खास सावधानी बरतने की अपील की है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को अतिरिक्त देखभाल की आवश्यकता है. शनिवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 34.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि सबसे कम तापमान चतरा में 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
राज्य के अधिकांश जिलों का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जिससे ठंड में राहत मिली है, लेकिन कुछ जिलों में गर्मी का असर भी देखा जा रहा है.
मौसम में परिवर्तन के चलते लोगों को उचित स्वास्थ्य देखभाल और मौसम के अनुकूल पहनावों की सलाह दी जाती है.
Also Read : Aaj Ka Rashifal, 02 February 2025 : जानें किस राशि का क्या है आज राशिफल
Also Read : गैंगस्टर सुजीत सिन्हा रिमांड में कर गया एक नया खुलासा, तीन राज्यों से मिल रही मदद