चाईबासा : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो प्रमंडलीय कार्यालय जमशेदपुर के द्वारा कार्यपालक अभियंता ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के कार्यालय के प्रमंडलीय रोकड़पाल भवतरण सिंह को ₹50000 लेते गिरफ्तार किया है।

शुक्रवार सुबह 11 बजे एसीबी की टीम वहां पहुंची और भवतरण सिंह को गिरफ्तार कर जमशेदपुर के मानगो स्थित आवास के लिए निकल चुकी है। छापेमारी करने के बाद टीम उसे सोनारी स्थित एसीबी कार्यालय ले जायेगी, जहां पूछताछ करेगी।

मिली जानकारी के अनुसार तांतनगर प्रखंड के मनहारी पंचायत के रोलाडीह गांव स्थित एक मैदान में चेंजिंग रूम और शौचालय का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए 12 लाख 46 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बिल पास करने के एवज में भवतरण सिंह द्वारा संवेदक से 50 हजार की घूस की मांग की गयी थी। वादी घूस नहीं देना चाहते थे। इसलिए उन्होंने एसीबी से शिकायत की। शिकायत को सही पाते हुए एसीबी की टीम ने शुक्रवार को बीटी सिंह को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

Share.
Exit mobile version