रांची। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को ट्वीट करके बेंगलुरु में विपक्षी दलों (गैर भाजपा) की होने वाली बैठक पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल लोकतंत्र बचाओ अभियान के नाम पर एक साथ बैठ रहे हैं। वास्तव में यह गर्दन बचाओ अभियान है। बैठक में शामिल होने वाले कांग्रेस, राजद, टीएमसी, झारखंड मुक्ति मोर्चा, आप और अन्य दलों के प्रमुख नेताओं को कटघरे में खड़ा किया है।

मरांडी ने हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी एक मामले में जमानत पर हैं। दूसरे में सजायाफ्ता हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखंड में लूटखंड के संस्थापक हैं। बेहिसाब जमीन जायदाद के मालिक हैं। जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। कभी भी जेल जा सकते हैं। राजद प्रमुख लालू यादव चारा घोटाले में सजायाफ्ता हैं। लैंड फॉर जॉब में चार्जशीटेड हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का भतीजा शिक्षक भर्ती और कोयला घोटाले में जांच का सामना कर रहा है। मंत्री जेल में है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सरकार के डिप्टी सीएम अरबों रुपये के शराब घोटाले में जेल में बंद हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन के मंत्री मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में जेल में हैं। इससे दिखता है कि सब गर्दन बचाओ अभियान के लिए ही साथ बैठ रहे हैं।

Share.
Exit mobile version