Joharlive Team

कोडरमा। कोडरमा जिले के जाने-माने पत्थर कारोबारी सह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुनील राम की सड़क हादसे में मौत हो गयी है।
पुलिस के अनुसार भाजपा नेता जिले के खरखार में एक पंचायती करके रविवार देर शाम झुमरी तिलैया-बिशनपुर रोड स्थित अपने आवास लौट रहे थे। इसी क्रम में महेशपुर मोड़ के निकट उनकी कार असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में भाजपा नेता सुुुनील गंभीर रूप से घायल हो गये। मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जब भाजपा नेता को अस्पताल ले जा रही थी तभी बीच रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी।

जिले के विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक संगठनों ने भाजपा नेता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। भाजपा जिला अध्यक्ष नितेश चंद्रवंशी ने उनके निधन को पार्टी एवं समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। श्री राम उत्तरी छोटानागपुर पत्थर उद्योग संघ के सचिव भी रहे थे। जिले के पत्थर कारोबारियों ने आज अपना व्यवसाय बंद रखने के निर्णय लिया है।

Share.
Exit mobile version