रांची। बरियातू थाना क्षेत्र के चिरौंदी, साइंस सिटी के सामने जूस संचालक मुकेश साव और उसके स्टाफ रोहन साव हत्याकांड की गुत्थी रांची पुलिस ने सुलझा ली। इस मामले का मुख्य आरोपी अशोक कुमार गुप्ता, विजय उरांव और धर्मेंद्र कुमार गुप्ता को पुलिस ने पकड़ लिया है। एसएसपी किशोर कौशल के निर्देश पर गठित टीम ने तीनों अपराधी को पकड़ा है। उक्त जानकारी एसएसपी किशोर कौशल ने दी। उन्होंने कहा कि व्यापार में प्रतिद्वंदिता के कारण मुकेश और रोहन की हत्या हुई है। गिरफ्तार दोनों अपराधी के पास से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दो पिस्टल, 7 पीस जिंदा गोली, मोबाइल और बाइक जप्त किया है।

परिजनों ने लालपुर पुलिस पर लगाया था गंभीर आरोप

चिरौंदी में दोहरे हत्याकांड में मारे गए मुकेश साव के छोटे भाई दिनेश ने लालपुर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे। दिनेश के अनुसार, रांची जूस सेंटर के मालिक अशोक गुप्ता और उनका एक सहयोगी मोटरसाइकिल पर सवार होकर लगातार रेकी कर रहे थे। कई दिन तो 8 से 9 बार वे लोग उसके जूस काउंटर के पास आकर उसके आने जाने की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। इस बात की जानकारी परिजनों ने लालपुर थाना को लिखित शिकायत देकर की थी। लेकिन, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अगर, पुलिस कार्रवाई की होती, तो दोनों आज जिंदा रहते और आरोपी जेल के सलाखों के पीछे होते।

क्या है मामला
चिरौंदी इलाके में चतरा के रहने वाले मुकेश साव अपने स्टाफ रोहन साव के साथ शुक्रवार की देर रात बरियातू थाना क्षेत्र के साइंस सिटी स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान बुलेट बाइक पर सवार दो अपराधियों ने मुकेश और रोहन दोनों को निशाना बनाते हुए गोली मार दी। मुकेश और रोहन दोनों के सिर में गोली मारी गई। मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रोहन को अस्पताल ले गई, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गयी थी।

Share.
Exit mobile version