इस्लामाबाद : भारतीय महिला अंजू ने ईसाई धर्म छोड़कर इस्लाम धर्म अपना लिया है। अंजू ने अपना नाम फातिमा रखा है और उसने पाकिस्तान के नसरुल्लाह से शादी कर ली है। हालांकि, ये खबर पाकिस्तानी मीडिया से आ रही है। वहीं अंजू और नसरुल्लाह का एक वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा रहा है कि दोनों के बीच अच्छी बॉडिंग है। दोनों एक साथ घूम रहे हैं।

बता दें कि वीजा लेकर पाकिस्तान गई अंजू ने पहले कहा था कि वो बस अपने फेसबुक फ्रेंड से मिलने वहां गई हैं और कुछ दिनों में लौट आएंगी। हालांकि अब पाकिस्तान से उसके निकाह कर लेने की खबरें सामने आई है। अंजू भारत में पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। अंजू धर्म परिवर्तन करने से पहले ईसाई थी।

पाकिस्तानी मीडिया ने किया दावा

पाकिस्तानी मीडिया में दावा किया जा रहा है कि अंजू ने नसरुल्लाह से कोर्ट मैरिज की है। साथ ही अंजू ने नसरुल्लाह से शादी करने के बाद इस्लाम धर्म भी अपना लिया है। उसने अपना नाम बदलकर फातिमा रख लिया है।

अंजू ने की नसरुल्लाह से की कोर्ट मैरिज

पाकिस्तानी चैनल जिओ टीवी ने दावा किया है कि अंजू ने दीर के रहने वाले नसरुल्लाह से कोर्ट मैरिज की है। दोनों ने एक जिला एवं सत्र न्यायाधीश की स्थानीय अदालत में शादी रचाई है।

पुलिस सुरक्षा के बीच नसरुल्लाह के घर भेजी गई अंजू

मलकंद डिवीजन के उप महानिरीक्षक नासिर महमूद सत्ती ने 35 वर्षीय अंजू और 29 वर्षीय नसरुल्लाह के निकाह की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला ने इस्लाम धर्म अपनाने के बाद फातिमा नाम रखा है। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय महिला को पुलिस सुरक्षा में अदालत से घर भेज दिया गया है।

यूपी के कैलोर गांव में हुआ था अंजू का जन्म

अंजू का जन्म उत्तर प्रदेश के कैलोर गांव में हुआ था और वह राजस्थान के अलवर में रहती थी। नसरुल्लाह और अंजू की दोस्ती 2019 में फेसबुक के जरिए हुई थी। बीते दिन ही नसरुल्लाह ने अंजू से प्रेम संबंध होने के दावों को खारिज करते हुए कहा था कि उनकी शादी करने की कोई प्लानिंग नहीं है और अंजू वीजा की अवधि पूरी होने पर 20 अगस्त को स्वदेश लौट जाएगी।

पहले से शादीशुदा है अंजू

अब दोनों की शादी करने की खबर सामने आई। दोनों का एक वीडियो भी सामने आया है। अंजू पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा सूबे के कबाइली जिले ऊपरी दीर में नसरुल्लाह से मिलने गई थी। अंजू पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। अंजू की 15 साल की बेटी और छह साल का बेटा है।

Share.
Exit mobile version