देवघर/रांची। देवघर स्थित बरमसिया में रहने वाले प्रशासनिक सेवा के अधिकारी आलोक कुमार पर सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाले व्हाट्सएप मैसेज भेजने पर एफआइआर दर्ज गया है। वर्तमान में वह बिहार में पदस्थापित है। बिहार की आर्थिक अपराध पुलिस थाना में यह प्राथमिकी दर्ज हुई है। जानकारी के अनुसार बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और वर्तमान में बिहार निर्वाचन विभाग में उप सचिव के पद पर पदस्थापित आलोक कुमार पर आर्थिक अपराध शाखा द्वारा समाज में कटुता फैलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

आरोपी अधिकारी पर व्हाट्सएप से आपत्तिजनक पोस्ट फॉरवर्ड करने का आरोप है। बिहार के आर्थिक अपराध इकाई के पुलिस इंस्पेक्टर अनुज सिंह द्वारा यह मामला दर्ज कराया गया है। आलोक कुमार देवघर के बरमसिया इलाके के साकेत विहार इलाके के रहने वाले हैं। बिहार पुलिस को इस बात की सूचना मिली थी कि व्हाट्स एप मैसेज के माध्यम से लोगों की धार्मिक भावना आहत करने और समाज में कटुता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। बहरहाल, इस मामले में में कांड संख्या 24/2022 दर्ज किया गया है। आरोपी अधिकारी पर धारा 153 ए और आई टी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।