रांची । रांची पुलिस ने गाड़ी पार्क करने के विवाद में हत्या करने के आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गत 28 मई को पार्किंग विवाद में अमरचंद्र ने सोनो मरांडी की हत्या कर दी थी। आरोपित अमरचंद्र उर्फ सूरज को हजारीबाग से गिरफ्तार किया गया है।

घटना को लेकर मृतक सोनो मरांडी के परिजन ने एयरपोर्ट थाने में प्राथमिकी दर्ज करवायी थी। सोनो मरांडी रांची एयरपोर्ट में एयर ट्रैफिक कंट्रोल के इंचार्ज थे। हाल में मुंबई से ट्रांसफर होकर रांची आये थे।
उल्लेखनीय है कि 28 मई को सोनो मरांडी कार से घर जा रहे थे। इस बीच खुखमा टोली में एक कार चालक से उनका गाड़ी पीछे करने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट होने लगी। आरोपित अमरचंद्र ने उसको जमकर मारा-पीटा। सोनो मरांडी के सिर में गंभीर चोटें आई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। उसके परिजनों ने एयरपोर्ट ओपी में प्राथमिकी दर्ज करवायी थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को हजारीबाग से गिरफ्तार कर लिया।