Ranchi : भगवान महावीर स्वामी की जयंती के मौके पर डोरंडा स्थित जैन मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। यह शोभायात्रा रांची के डोरंडा में स्थित तुलसी चौक, बिस्किट मैदान, हाई कोर्ट मार्ग होते हुए पुनः डोरंडा जैन मंदिर पहुंची।
जहां इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मौके पर भक्तगण हाथों में भगवान महावीर की प्रतिमा, ध्वज एवं कलश लेकर भक्ति गीतों पर झूमते हुए आगे बढ़े। मार्ग भर वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा।
इस धार्मिक आयोजन में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार दुबे सम्मिलित हुए। उन्होंने न केवल शोभायात्रा में सहभागिता निभाई, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी सक्रिय रूप से भाग लिया एवं श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया।
मौके पर आलोक कुमार दुबे ने कहा, “भगवान महावीर का जीवन और उनके उपदेश आज भी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। अहिंसा, सत्य और संयम जैसे सिद्धांत हमें एक शांतिपूर्ण और सद्भावपूर्ण समाज की ओर ले जाते हैं। इस पावन अवसर पर मैं सभी को महावीर जयंती की शुभकामनाएं देता हूँ और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आग्रह करता हूँ।”
मंदिर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए आलोक कुमार दूबे ने कहा भगवान महावीर का जीवन हमें सत्य, अहिंसा, और आत्मसंयम के पथ पर चलने की प्रेरणा देता है। उनके उपदेश आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने सहस्त्रों वर्ष पूर्व थे। उन्होंने कहा कि इस महावीर जयंती पर आइए हम सभी अपने भीतर के अंधकार को ज्ञान के प्रकाश से दूर करें और जीवन में करुणा, क्षमा और शांति को अपनाएं। महावीर स्वामी के सिद्धांत केवल धार्मिक उपदेश नहीं, बल्कि एक आदर्श जीवन की दिशा हैं। अहिंसा परम धर्म है — इसे अपने विचारों, वाणी और आचरण में शामिल करना चाहिए।
इस कार्यक्रम में छप्पन सेट महावीर मंडल के अध्यक्ष गौतम कुमार दूबे,रीतेश सिंह,आलोक कुमार,मेंहुल दूबे,रामनवमी श्रृंगार समिति के अनिल विजय,सुनील विजय, बबलू विजय,मारवाड़ी मंच से रोहित शारदा ने भक्त जनों का स्वागत किया।
इस अवसर पर डोरंडा जैन समाज द्वारा आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भगवान महावीर के सिद्धांतों की प्रेरणा दी। शोभायात्रा के सफल आयोजन में जैन समाज के सभी सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों का सक्रिय सहयोग रहा।
Also Read : झारखंड में तेज बारिश और ओलावृष्टि, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी