Joharlive Team

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल में मंगलवार को 7 नए मंत्रियों ने पद व गोपनीयता की शपथ ली। राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू ने 7 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ दिलाई। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से हाजी हुसैन अंसारी, चंपई सोरेन, जगरनाथ महतो, जोबा मांझी और मिथलेश ठाकुर और कांग्रेस से बन्ना गुप्ता और बादल पत्रलेख ने मंत्री पद की शपथ ली। झारखंड में मुख्यमंत्री समेत मंत्रिमंडल में अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं। इसमें से मुख्यमंत्री समेत 4 पहले ही मंत्रिमंडल में शामिल हो चुके हैं। मंगलवार को 7 मंत्री और बनने के बाद अब सिर्फ 1 मंत्री की जगह खाली है।
हेमंत सोरेन ने 29 दिसंबर को झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उनके साथ कांग्रेस के आलमगीर आलम व डॉ. रामेश्वर उरांव और राजद से सत्यानंद भोक्ता ने भी मंत्री पद की शपथ ली थी। झामुमो विधायक रविंद्र नाथ महतो को विधानसभा स्पीकर बनाया गया था।
झामुमो सीएम के अलावा 6 मंत्री पद चाहता है। पार्टी का स्टैंड है कि इतने मंत्री पदों से सभी जाति-धर्म और वर्ग का प्रतिनिधित्व सरकार में हो जाएगा। इधर, कांग्रेस भी मंत्री पदों को लेकर इसी तरह का संतुलन चाहती है। ऐसे में वह कुल 5 मंत्री पद अपने कोटे से चाहती है। कांग्रेस से दो पहले ही मंत्री बन चुके हैं। अब और 3 मंत्री पद अपने कोटे से लेने के प्रयास में थी। हालांकि, माना जा रहा है कि सहमति नहीं बन पाई। इसीलिए मंत्रिमंडल में 1 पद को फिलहाल खाली रखा गया है।
जोबा मांझी के बाद कांग्रेस कोटे से जमशेदपुर पश्चिमी सीट के विधायक बन्‍ना गुप्‍ता ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद राज्‍यपाल ने जरमुंडी के कांग्रेस विधायक बादल पत्रलेख को मंत्री पद की शपथ दिलाई। सबसे अंत में झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक मिथिलेश कुमार ठाकुर ने मंत्री पद की शपथ ली। झामुमो विधायक जगरनाथ महतो, कांग्रेस विधायक बादल पत्रलेख तथा झामुमो विधायक मिथिलेश कुमार ठाकुर किसी सरकार में पहली बार मंत्री बने हैं।

Share.
Exit mobile version