गढ़वा : होली के दिन शनिवार को भूमि विवाद में लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में एक गर्भवती महिला समेत 3 लोग घायल हो गए। घटना डंडई थाना क्षेत्र के बैरियादामर गांव में सुबह हुई। घायलों में नेसार अंसारी, पत्नी हसबीना खातून तथा उसकी भाभी बदरून बीवी पति सोहराब अंसारी शामिल हैं। इनमें हसबीना खातून की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
हसबीना खातून गर्भवती हैं। उनके पेट में गंभीर चोट लगी है। बायां हाथ भी जख्मी हुआ है। सदर अस्पताल में हसबीना का इलाज चल रहा है। बदरुन बीवी सीएचसी मेराल में भर्ती है। जानकारी के अनुसार नेसार अंसारी व उसके गांव के जैनुल अंसारी के बीच पहले से ही भूमि विवाद चल रहा है। विवादित भूमि में नेसार अंसारी ने अरहर की फसल लगाई थी। बताया गया कि शनिवार की सुबह जैनुल अंसारी, उसकी पत्नी नूरैशा बीवी तथा भाई नूर मोहम्मद अंसारी अरहर की फसल को काट रहे थे। उस ओर खेत में गई हसबीना खातून ने उन्हें फसल काटने से मना किया। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया।

आरोप है कि इस विवाद में जैनुल अंसारी व उसके परिवार वालों ने मिलकर हसबीना पर हंसिया व डंडे से प्रहार कर गंभीर रुप से घायल कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे बदरुन बीवी व नेसार अंसारी को भी दूसरे पक्ष के लोगों ने जमकर पीटा। बदरुन बीवी की पीठ में हंसिया से प्रहार किया गया। बताया रहा है कि दोनों पक्ष इस भूमि पर अपना दावा करते हैं। भूमि को लेकर वर्ष 2020 में भी मारपीट की घटना हुई थी। पीड़ित पक्ष ने मारपीट को लेकर डंडई थाना में जैनुल अंसारी, नुरैशा बीवी तथा नूर मोहम्मद अंसारी को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।