Uttar Pradesh : प्रयागराज-मिर्जापुर हाइवे पर देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ से संगम स्नान के लिए महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बोलेरो सामने से आ रही बस से टकरा गई। हादसे में बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। बोलेरो में सवार 10 लोगों की मौत हो गई। जबकि बस में सवार लोग भी घायल हुए हैं। कुल 19 लोग घायल हैं। हादसे के बाद घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई। वहीं इस भीषण हादसे की आवाज से आस-पास के लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतकों की शिनाख्त करके उनके परिजनों को इसकी सूचना दी जा रही है। सभी मृतक कोरबा के रहने वाले बताए गए हैं। वहीं, घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संभावना जताई जा रही है कि ड्राइवर को रात में नींद की झपकी आई जिस कारण तेज रफ्तार गाड़ी अनियंत्रित हो गई। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के बाद अन्य जानकारी दी जाएगी।
अधिकारियों को इलाज के इंतजाम करने का आदेश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना पर दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए और जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार करने के निर्देश दिया। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
क्या बोली पुलिस
प्रयागराज के यमुनानगर के डीसीपी विवेक चंद्र यादव ने बताया कि मारे गए लोगों के परिवारीजनों को सूचना दी जा रही है। ज्यादातर घायलों को मामूली चोटें आई थीं। फर्स्ट एड के बाद कई लोग अपने घरों को लौट गए हैं। वहीं मामले में मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) ए.के. तिवारी ने बताया कि इस हादसे में बोलेरो में बैठे सभी लोगों की मृत्यु हो गई है। सभी पीड़ित छत्तीसगढ़ से प्रयागराज आ रहे थे और बस प्रयागराज से रायगढ़ जा रही थी।
Also Read : FIITJEE के चेयरमैन, CEO और CFO पर ठगी का आरोप, FIR दर्ज
Also Read : राज्य सेवा के 9 ऑफिसर बनेंगे IPS, सरकार ने UPSC को भेजी लिस्ट
Also Read : झारखंड के तापमान में गिरावट जारी… जानें आज का वेदर अपडेट
Also Read : Aaj Ka Rashifal, 15 February 2025 : जानें किस राशि का क्या है आज राशिफल