भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस का पूरे देश में अलग नाम है और कोरोना काल में सभी ने पुलिस के उजले पक्ष को देखा।
श्री चौहान यहां आयोजित आईपीएस मीट को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोरोना काल में पुलिस का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। जब सड़कों पर कोई नहीं था, तब पुलिस जवान सेवा कर रहे थे और लोगों के जीवन बचा रहे थे। देशभक्ति और जनसेवा के भाव का उस समय अक्षरश: क्रियान्वयन देखा गया। कई जवान और पुलिस अफसर शहीद भी हो गए। यह पुलिस का उजला पक्ष है, जिस पर सार्वजनिक रूप से गर्व किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि उन्हें सिंहस्थ के समय का एक फोटो याद आता है, जब एक अम्मा को अपने दोनों हाथों से पायदान बनाकर ट्रेन में चढ़ाते पुलिस जवान का फोटो सभी तरफ देखा गया था।
श्री चौहान ने कहा कि रुस्तम जी जैसे लोगों को पूरा देश याद करता है, जिन्होंने बीएसएफ को सुरक्षा की दीवार बनाया। पंजाब में आतंकवाद का सामना करने वाले के पी एस गिल को कौन भूल सकता है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के नाते उन्हें ये कहते हुए प्रसन्नता है कि प्रदेश की पुलिस का पूरे देश में अलग नाम है, इसके अनेक उदाहरण हैं। प्रदेश के अफसरों ने पूरे देश में नाम कमाया। कश्मीर में भी, प्रदेश की पुलिस गई। पंजाब हो, पूर्वोत्तर हो, जहां जरूरत पड़ी प्रदेश के जवान और अफसर गए। प्रदेश के पुलिस बल ने डकैत समस्या को खत्म किया। नक्सलवाद के नियंत्रण में भी प्रभावी कार्य हुआ है। आपराधिक तत्वों की कमर तोड़ना जरूरी है, लगभग 23 हजार एकड़ जमीन दबंगों से छुड़वाई गई है।
-एजेंसी