रांची। लालपुर में कावेरी रेस्टूरेंट के मालिक लव भाटिया पर जानलेवा हमला का शूटर सूरज सिंह गैंग का कुख्यात अपराधी शिव शर्मा को एटीएस की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। एटीएस की टीम ने दानापुर से कुख्यात शिव को पकड़ा है। गिरफ्तार शिव बेगुसराय जिले के मंझौल थाना क्षेत्र के शिवरी गांव का रहने वाला है। एटीएस की टीम कुख्यात शिव शर्मा को गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ कर रही है।
19 नवंबर की रात हुआ था लव भाटिया पर जानलेवा हमला
कावेरी रेस्टोरेंट के मालिक लव भाटिया पर 19 नवंबर 2016 की रात जानलेवा हमला हुआ था। अपराधियों ने उन्हें सटाकर गोली मारने की कोशिश की थी, लेकिन गोली चली नहीं और वे बाल-बाल बच गए थे। इस घटना के बाद शिव शर्मा नाम के शख्स ने मीडिया को फोन करके इस मामले की जिम्मेदारी ली थी। फोन पर उसने खुद को कोयलांचल का डॉन भी बताया था। इसके बाद तत्कालीन एसएसपी कुलदीप द्विवेदी के आदेश पर गठित टीम ने कुख्यात शिव शर्मा समेत तीन अपराधियों को बिहार से पकड़ा था।
10 दिसंबर 2016 को रांची पुलिस ने पकड़ा था अरवल से कुख्यात शिव शर्मा समेत दो अपराधी को
बिहार के महेन्दिया थाने की पुलिस के सहयोग से 10 दिसंबर 2016 को उसरी बाजार से झारखंड पुलिस के लिए सिरदर्द बने कुख्यात शिव शर्मा और उसके दो साथियों के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी। पुलिस ने शिव के अलावा जयप्रकाश शर्मा और आनंद कुमार को पकड़ा था। बिहार से पकड़ाने के बाद झारखंड पुलिस अपने साथ लेकर रांची लौट आयी थी। दरअसल शिव शर्मा के खिलाफ रांची स्थित लालपुर थाने में कांड संख्या 363/16 के तहत रंगदारी का मामला दर्ज था।