रांची। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर बीते दिन इंडिगो फ्लाइट के कर्मचारियों का अमानवीय चेहरा सामने देखने को मिला है। कर्मचारियों की लापरवाही के कारण एक दिव्यांग बच्चे को फ्लाइट पर चढ़ने नही दिया। जिस कारण उसकी फ्लाइट छूट गयी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि पूरे मामले की जांच खुद करेंगे और कार्रवाई करेंगे।

क्या है मामला
मनीषा गुप्ता नामक महिला ने अपने पोस्ट में बताया कि उस बच्चे की स्थिति खराब जरूर थी। लेकिन उनके अभिभावक अपने बच्चे को शांत कराने में जुटे थे। ताकि वह आराम से सफर कर सके। अभिभावक अपने बच्चे को ठीक करने के बाद सफर करने को तैयार थे। कई यात्री भी उनकी मदद करने आगे आए।

लेकिन एयरपोर्ट और इंडिगो एयरलाइंस के कर्मचारियों के द्वारा उस बच्चे के अभिभावक के साथ सख्ती की गई। मनीषा गुप्ता ने अपने पोस्ट पर लिखते हुए बताया कि एयरपोर्ट प्रबंधन ने अभिभावक और बच्चे को सफर करने से सख्त मना कर दिया। एयरपोर्ट पर मौजूद कर्मचारियों ने कहा कि बच्चे के सफर करने से अन्य पैसेंजर को समस्या हो सकती है।