सरायकेला: खरसावां जिले में पति ने पत्थर से कूचकर पत्नी की हत्या कर दी है। मामला सरायकेला थाना अंतर्गत टेंटोपोसी पंचायत के गोहिरा गांव का है। मरने वाली महिला की पहचान पुष्पा महतो के रूप में की गई है। हत्या का आरोप पति सुधीर महतो पर लगा है। वारदात को बुधवार देर शाम अंजाम दिया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
गुरुवार को महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिवार के सदस्यों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया है। महिला के परिवार के लोगों ने बताया कि सुधीर को नशे की लत है। आए दिन सुधीर महतो पैसों के लिए पुष्पा के साथ मारपीट किया करता था।

शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर अक्सर घर में विवाद होता था। महिला के भाइयों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। बताया कि आरोपी कोई काम धंधा नहीं करता था। महिला के दो बच्चे हैं। इसमें 13 वर्ष की एक बेटी और 10 वर्ष का बेटा है। पुलिस ने मामले की छानबीन में जुटी गई है।