दुमका : शिकारीपाड़ा में दर्दनाक हादसा हुआ है। थाना क्षेत्र के मलूटी बाकीजोर गांव के एक घर में शनिवार कीर रात आग लगने से एक महिला की जलकर मौत हो गई। महिला की उम्र करीब 55 वर्ष थी। पुलिस दावा कर रही है कि महिला ने शराब पी रखी थी। इसी कारण महिला को घर में आग लगने की जानकारी नहीं हो सकी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम रविवार की सुबह मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

घर में आग लगने के कारणों के बारे में पुलिस की ओर से अब तक कोई जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। बताया जा रहा है कि जिस घर में आग लगी। वह मिट्टी का था। ऊपर छप्पर पड़ा हुआ था। आग लगने के कारण पूरा घर जल गया। कोई सामान सुरक्षित नहीं बचा है। घटना की सूचना जैसे ही फैली। सुबह मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने आसपास रहने वालों से घटना के संबंध में पूछताछ की।