जमशेदपुर : जमशेदपुर के कमलपुर थाना क्षेत्र के ओड़िया पंचायत मंडप के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। आज यानी मंगलवार को ये दुर्घटना हुई जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार हाइवा ने सड़क पर जा रहे बाइक सवारों को सीधे अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान संदीप सिंह (30) के रूप में हुई है जो कांकू गांव का रहने वाला था और जमशेदपुर में दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करता था। हादसे में घायल युवक उसका रिश्तेदार है जो पश्चिम बंगाल के हेंसला गांव का निवासी है। बताया जा रहा है कि संदीप अपने मामा के घर हेंसला में ही अपनी पत्नी और तीन साल के बेटे के साथ रह रहा था।
घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और विरोध में कांकीडीह-दांदूडीह मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। भारी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और प्रशासन से न्याय की मांग करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तुरंत अस्पताल भिजवाया, जबकि मृतक का शव कई घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा।
स्थानीय युवक भैरव महतो ने बताया कि यह हादसा बहुत ही दुखद है। संदीप मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पाल रहा था। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी वाहन चालक को शीघ्र गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
Also read: पत्नी, दो बेटी व ट्यूशन टीचर के हत्यारे की फांसी की सजा HC ने रखी बरकरार
Also read: देह व्यापार का जामताड़ा पुलिस ने किया भंडाफोड़, बाइक संचालक सहित तीन गिरफ्तार
Also read: संथाल परगना सहित झारखंड के सभी जिलों में हो संदिग्ध आतंकी कनेक्शन की जांच : हरिमोहन मिश्रा