Dumka : दुमका जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां गुरुवार को एक 14 वर्षीय किशोरी का गड्ढे से अर्धनग्न अवस्था में शव बरामद हुआ है। मामला दुमका जिला के मसलिया थाना क्षेत्र का है। पुलिस फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। मृतका नौवीं की छात्रा थी, लड़की के पिता यात्री बस के चालक हैं।
क्या है मामला :
दरअसल यह पूरा मामला दुमका के मसलिया थाना क्षेत्र का है। जहां नौवीं कक्षा की एक छात्रा बुधवार देर शाम लगभग 7:30 बजे कुछ काम की बात कहकर घर से निकली थी। काफी समय बीतने के बाद जब वह घर नहीं लौटी तो परिजन चिंतित हो गई। उन्होंने खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन वह नहीं मिली।गुरुवार सुबह घर वालों को कुछ ग्रामीणों के जरिये यह जानकारी हुई की लापता बेटी का शव उसके घर से लगभग 700 मीटर दूर एक सुनसान इलाके में स्थित गड्ढे में पड़ा हुआ है। किशोरी का शव अर्धनग्न अवस्था में था। इस मामले की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीण सैकड़ों की संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। जिसके बाद लोगों के द्वारा मसलिया थाना को सूचित किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धनंजय प्रजापति पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके जरिये जिला मुख्यालय से फॉरेंसिक जांच टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। मृतका के अंतःवस्त्र घटनास्थल पर ही पड़े थे। इससे इस बात की आशंका और बढ़ गई कि नाबालिग के साथ दुष्कर्म हुआ हो। आवश्यक जांच के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं एसडीपीओ विजय कुमार महतो भी मौके पर पहुंच लोगों से पूछताछ में जुट गए हैं।
क्या कहते हैं एसपी
एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि एक किशोरी का शव बरामद हुआ है। पुलिस की टीम घटनास्थल की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : IPL 2025 : मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, वानखेड़े में आज होगी जबरदस्त भिड़ंत