Bokaro : ठेला पर फल बेचने वाले एक शख्स को दिनदहाड़े गोली मार दी गयी। गोली उसके सीने को चीरते हुए पार हो गयी। इस शख्स का नाम विवेक कुमार साव बताया गया। गोली लगने से विवेक बेतरह जख्मी हो गया और वहीं गिर पड़ा। हमलावरों ने ही उसे अस्पताल में भर्ती कराया और वहां से फरार हो गये। इस घटना में एक हमलावर के हाथ में भी गोली लगने की खबर है। इस दुस्साहसिक वारदात को बोकारो के सेक्टर 4 थाना क्षेत्र के लक्ष्मी मार्केट स्थित फल गोदाम के पास अंजाम दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार विवेक कुमार साव आज यानी रविवार को फल लगाने वाला अपना ठेला निकाल रहा था। इसी दरम्यान हमलावर वहां पहुंचे और विवेक से उसका नाम पूछा। नाम बताते ही हमलावरों ने विवेक को तमाचा मारा और फिर गोली चला दी। गोली विवेक के सीने को चीरते हुए पार कर गयी। वहीं, हमलावर को भी गोली लग गयी। लहूलुहान विवेक बेसुध होकर वहीं गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उसे केएम मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया और फिर भाग निकले। जख्मी विवेक की हालत नाजुक बतायी जा रही है।
स्पॉट पर मौजूद फल विक्रेता विवेक के दोस्त ने बताया कि एक दूसरा लड़का एक लड़की को भागकर लाया है। उस लड़के ने विवेक के मोबाइल से कभी बात की थी। उसी मोबाइल नंबर को ट्रेस करते हुए अपराधी विवेक साव के पास पहुंचे। जब वो लक्ष्मी मार्केट में अपना ठेका निकाल रहा था तो नाम पूछा, जिसके बाद थप्पड़ मारते हुए गोली चला दी। वहीं, विवेक की पत्नी ने बस इतना कहा कि उसके पति का किसी के साथ कोई लफड़ा-झगड़ा नहीं है।
इधर वारदात की फैली खबर के बाद सिटी डीएसपी आलोक रंजन अपनी टी के साथ पहुंचे और जख्मी विवेक से जानकारी ली। सिटी डीएसपी ने मीडिया को बताया कि हमलावर को ट्रेस किया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होगा। जिस लड़की के चलते विवाद हुआ उसे भी पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
Also Read : इनामी डकैत सहित पांच अपराधी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद