Johar live desk: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र में स्थित लक्ष्मीगंज बाजार के एक घर में 5 विशाल कोबरा सांपों के निकलने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना गोबरही उत्तर टोला स्थित सीता राम कुशवाहा के घर की है, जहां लकड़ी और गोबर के कंडों के ढेर में 5 कोबरा सांप छिपे हुए थे।
घटना की शुरुआत उस समय हुई, जब सीता राम कुशवाहा के घर के सदस्य ने एक कोबरा सांप को देखा। जैसे ही उन्हें इसका पता चला, उन्होंने तुरंत उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उससे उनके होश उड़ गए। दरअसल, पहला सांप देखने के बाद जैसे ही उसे निकाला गया, तभी चार और विशालकाय कोबरा सांप सामने आ गए।
घर के सदस्यों ने घबराकर पुलिस और सर्प मित्रों को सूचना दी। सर्प मित्र शत्रुध्न ने अपनी टीम के साथ सांपों को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। शत्रुध्न ने बताया कि पकड़े गए सभी पांच सांप कोबरा प्रजाति के थे और यह सभी वयस्क थे।
सर्प मित्र ने लोगों को समझाया कि कोबरा सांपों का पर्यावरण में महत्वपूर्ण स्थान होता है। यह जीव-जंतु हमारे पारिस्थितिकी तंत्र के लिए जरूरी हैं क्योंकि इनका प्रमुख आहार चूहा होता है। चूहे की संख्या को नियंत्रित करने के कारण कोबरा सांपों का हमारे वातावरण में विशेष स्थान है।
पुलिस प्रशासन ने इस घटना के बाद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और इलाके में आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है और सांपों से संबंधित घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने इसे एक जागरूकता अभियान के रूप में लिया है।