Giridih : भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि जब-जब सूबे में झामुमो, कांग्रेस, राजद की सरकार बनती है तब तब एक पक्ष के पर्व त्यौहार पर हमले होते हैं। इससे पहले रांची, लोहरदगा सहित दूसरे जिले में इस तरह की घटना घट चुकी है। उन्होंने कहा कि सड़क किसी की नहीं है। हम अपने पर्व त्यौहार सड़क-घर पर नहीं मनाएंगे तो कहां मनाएंगे, सद्भाव का ठेका सिर्फ एक समाज ने नहीं ले रखा है सबों की जिम्मेवारी है। उक्त बातें रघुवर दास ने गिरिडीह के घोड़थंबा में कही। रघुवर दास होली के जुलूस रोकने के बाद दो गुटों के बीच हुए पथराव के बाद बीते देर शाम घोड़थंबा पहुंचे थे। उन्होंने कई परिवार के लोगों से मुलाकात की। इसके बाद खोरी महुआ के SDM से भी उन्होंने कई सवाल पूछे। बाद में रघुवर दास ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रशासन को निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए। रघुवर दास ने कहा कि रंग और होली से किसकी दुश्मनी है। यह प्रशासन को देखने की जरूरत है। हर समाज में अमन पसंद लोग हैं जो इस घटना की निंदा कर रहे हैं। पुलिस भी निष्पक्ष जांच करें और दोषियों पर कार्रवाई हो, ना कि निर्दोष को जेल भेजा जाय।
बता दें कि बीते 14 मार्च को घोड़थंबा में होली के जुलूस को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह झड़प तब हुई जब घोडथंबा इलाके से एक पक्ष का होली का जुलूस गुजर रहा था। इसका एक समूह ने विरोध किया। इस बीच दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई। दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर पथराव किया। कई दुकान और कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में गिरिडीह एसपी के निर्देश पर घोडंथंबा ओपी की पुलिस ने घटनास्थल पर तैनात दंडाधिकारी सुरेश बरनवाल के आवेदन पर केस दर्ज कर लिया है। दंगा भड़काने के कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के 80 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। 250 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने दोनों पक्ष के 22 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
Also Read : बिहार में 19000 से ज्यादा पुलिस कांस्टेबल के पदों पर भर्ती, आवेदन कल से शुरू