Ranchi : बीते कुछ दिनों से राज्य के न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, जिससे आमलोगों को ठंड से राहत मिली है. राज्य के अधिकांश जिलों का न्यूनतम तापमान अभी 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है, और यह सिलसिला आने वाले दिनों तक जारी रहने की संभावना है.
राज्य के दक्षिणी पूर्वी भागों में शनिवार को हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाये रहने की संभावना जताई जा रही है. इस दौरान राजधानी रांची और इसके आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.
पश्चिमी विक्षोभ का असर झारखंड में
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि झारखंड में पांच से छह फरवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ का असर एक बार फिर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद अगले तीन दिनों में इसमें कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. उत्तरी और निकटवर्ती मध्य भागों में आंशिक तौर पर बादल छाये रहेंगे.
बीते 24 घंटे का मौसम
बीते 24 घंटों की बात करें तो पूरे झारखंड में मौसम शुष्क रहा. दक्षिणी पूर्व भाग में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा देखा गया. इस दौरान राज्य के सरायकेला में उच्चतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि चतरा में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा. रांची में भी न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. बुधवार को रांची का न्यूनतम ताप 9.4 डिग्री सेल्सियस था, जो गुरुवार को बढ़कर 12.2 डिग्री सेल्सियस हो गया.
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में झारखंड में मौसम के बदलाव के कारण तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे राज्यवासियों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है.
Also Read : Aaj Ka Rashifal, 01 February 2025 : नए महीने की शुरुआत कैसी रहेगी? जानें राशिफल
Also Read : अंतरराज्यीय नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
Also Read : MVI को परिवहन मंत्री का अल्टीमेटम, बोले- फिटनेस देने में सावधानी बरतें